Hair Fall Solution: क्या गलत कंघी से झड़ते हैं बाल? जानें कौन सी कंघी है सबसे अच्छी प्लास्टिक, लकड़ी या मेटल?
Hair Fall Solution: सिर्फ बाल उलझने ही नहीं, इसमें मौजूद नुकीले दांत बालों की जड़ों पर चोट पहुंचाकर टूटने की भी संभावना बढ़ा देते हैं। इस समय सोशल मीडिया पर लकड़ी की कंघी इस्तेमाल करने के लिए बहुत विज्ञापन आ रहे हैं।

Hair Fall Solution क्या गलत कंघी से झड़ते हैं?
सस्ता, सुंदर, मज़बूत – ये सभी शब्द खासकर मध्यमवर्गीय परिवारों में ज़्यादा इस्तेमाल होते हैं। चाहे घर का सामान हो या रोज़मर्रा की चीज़ें, हर जगह हम सस्ता और मज़बूत का मेल ढूंढते हैं। जैसे कि सिर में कंघी करने वाली कंघी को ही ले लीजिए। अक्सर घरों में लोग बाल सुलझाने के लिए प्लास्टिक की कंघी का इस्तेमाल करते हैं। किफ़ायती दाम के साथ अलग-अलग डिज़ाइनों में मिलने के कारण प्लास्टिक की कंघी लगभग सभी की पसंद होती है। लेकिन प्लास्टिक होने की वजह से इसमें बाल उलझने जैसी परेशानी भी सामने आती है। सिर्फ बाल उलझने ही नहीं, इसमें मौजूद नुकीले दांत बालों की जड़ों पर चोट पहुंचाकर टूटने की भी संभावना बढ़ा देते हैं। इस समय सोशल मीडिया पर लकड़ी की कंघी इस्तेमाल करने के लिए बहुत विज्ञापन आ रहे हैं। जो नीम की लकड़ी या बांस को काटकर बनाई जाती है। इसमें स्टैटिक चार्ज न होने के कारण यह बालों की जड़ों के लिए बहुत अच्छी मानी जाती है।

plastic comb Photograph: (Google)
डर्मेटोलॉजिस्ट डॉक्टर कशिश कालरा कहती हैं कि आजकल जितनी तरह की कंघियां बाज़ार में बिक रही हैं, चाहे वे नीम, बांस या प्लास्टिक की हों, सब विज्ञापन का हिस्सा हैं। सोशल मीडिया पर कंटेंट के लिए कुछ खास तरह की कंघियों को अच्छा बताया जाता है। लेकिन कंघी खरीदते समय इस बात का ज़रूर ध्यान रखें कि वह हमेशा चौड़े दांतों वाली होनी चाहिए। उसके दांत नुकीले नहीं होने चाहिए, क्योंकि इससे बालों की जड़ों को नुकसान हो सकता है। कंघी को हर बार इस्तेमाल करने के बाद या फिर हर 2 दिन में गरम पानी और साबुन से धोना चाहिए। दिन में 2 बार से ज़्यादा बालों में कंघी करने की कोई ज़रूरत नहीं है। हर 3 से 6 महीने में कंघी को बदल देना चाहिए।
बालों में कंघी करना बहुत ज़रूरी है, इससे बालों की जड़ों में रक्त संचार बेहतर होता है। जिसकी वजह से बाल सफेद नहीं होते, मृत त्वचा बाहर निकल जाती है और डैंड्रफ की समस्या भी नहीं होती। हालांकि कंघी करने के भी कई तरीके हैं, जिन्हें बहुत से लोग नहीं जानते। कंघी करने से पहले बालों को कई हिस्सों में बांट लें, इससे बाल टूटेंगे नहीं। कभी भी गीले बालों में कंघी न करें। अगर बाल हल्के गीले हों तो हेयर सीरम ज़रूर लगाएं और कंघी करने से पहले हाथों से बालों को सुखा लें। जैसे रूमाल और टूथब्रश व्यक्तिगत होते हैं, वैसे ही कंघी भी एक व्यक्तिगत स्वच्छता का सामान है। कई बार लोग घर के किसी सदस्य या दोस्त की कंघी इस्तेमाल कर लेते हैं, जो कि ग़लत है। किसी और की कंघी इस्तेमाल करने से डैंड्रफ या स्किन इंफेक्शन हो सकता है। अगर दूसरे की कंघी अस्वच्छ हो तो उसमें बालों और जड़ों का प्राकृतिक तेल लग जाता है, जिसकी वजह से दोमुंहे बाल बढ़ सकते हैं।
यह भी पढ़ें: गांजा पीने के साइड इफेक्ट: मानसिक स्वास्थ्य और कैंसर पर असर।





