क्यों जेल गए थे अमित शाह? क्या आप जानते हैं कि एक समय अमित शाह भी जेल गए थे और जेल जाने से पहले उन्होंने गुजरात के गृह मंत्री पद से इस्तीफ़ा दे दिया था।

क्यों जेल गए थे अमित शाह?
नेताओं को 30 दिन जेल होने पर पद जाने को लेकर 130वें संविधान संशोधन बिल में बात उठने के बाद अब हर जगह इस मुद्दे पर चर्चा हो रही है। अगर कोई नेता गंभीर आरोप में 30 दिन जेल में रहता है, तो वह मुख्यमंत्री या प्रधानमंत्री होने के बावजूद पद छोड़ देगा, ऐसा इस नए बिल में उल्लेख किया गया है। इस पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी आज समाचार एजेंसी एएनआई में प्रतिक्रिया दी है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि एक समय अमित शाह भी जेल गए थे और जेल जाने से पहले उन्होंने गुजरात के गृह मंत्री पद से इस्तीफ़ा दे दिया था। यह बात है साल 2005 की। उस समय गुजरात के मुख्यमंत्री थे नरेंद्र मोदी और उनके गृह मंत्री थे अमित शाह। इसी दौरान अहमदाबाद में गैंगस्टर सोहराबुद्दीन का एनकाउंटर हुआ था। राजस्थान और गुजरात पुलिस ने मिलकर यह एनकाउंटर किया था, जिसे लेकर कई सवाल उठे थे। शुरू में सोहराबुद्दीन को आतंकवादी कहा गया, लेकिन बाद में उसे गैंगस्टर बताया गया। और इस एनकाउंटर में सोहराबुद्दीन के साथ उसकी पत्नी को भी मार दिया गया था।
तब इस मामले में अमित शाह को जोड़ा गया और उन्हें इसमें अभियुक्त बनाया गया। सीबीआई की चार्जशीट में अमित शाह के साथ राजस्थान के मंत्री गुलाब चंद कटारिया का नाम भी था। अमित शाह इस मामले में गिरफ़्तार होने से पहले बीजेपी पार्टी ऑफिस पहुंचे और प्रेस मीट की। वहां उन्होंने खुद को निर्दोष बताते हुए सभी आरोपों को झूठा कहा।
- गिरफ़्तार होने से पहले अमित शाह ने अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया था, जिसे उस समय मुख्यमंत्री रहे नरेंद्र मोदी ने स्वीकार कर लिया था।
- 2010 में 25 जुलाई को अमित शाह गिरफ़्तार हुए थे और उन्हें 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।
- करीब 3 महीने जेल में रहने के बाद 21 अक्टूबर 2010 को अमित शाह को ज़मानत मिली। लेकिन इसके बाद उन्हें गुजरात से बाहर रहने के लिए कहा गया।
- 2014 में अमित शाह, गुलाब चंद कटारिया समेत 16 आरोपियों को अदालत ने निर्दोष मानकर बरी कर दिया और क्लीन चिट दे दी।
यह भी पढ़ें: 6G India Launch: मोदी ने दिया बड़ा अपडेट, जानिए कब होगी शुरुआत!





